दीपावली पर उदयपुर में 10 दिन का वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू

Share

6 से 15 नवंबर तक सुबह 8 से रात 11 बजे तक रहेगी व्यवस्था, शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बदलेगी
उदयपुर, 5 नवम्बर:
दीपावली पर्व पर शहर में पर्यटकों और आमजन की बढ़ती आवाजाही तथा प्रमुख बाजारों में यातायात दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष वन-वे प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 6 से 15 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके तहत शहर के सूरजपोल, सिटी पैलेस, पटेल सर्कल, दूधतलाई, जगदीश चौक, हाथीपोल, चांदपोल और ब्रह्मपोल सहित प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही के नियम बदले गए हैं।
पुलिस की ओर से जारी आदेश राजस्थान पुलिस अधिनियम 2007 की धारा 47 के तहत लागू किया गया है। इसके अनुसार प्रमुख मार्गों पर अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए प्रवेश और निकास के रास्ते निर्धारित किए गए हैं।
प्रमुख मार्गों पर यह रहेगी व्यवस्था

  • सूरजपोल से सिटी पैलेस: सूरजपोल पुराने सीआर से बर्फ फैक्ट्री और रंगनिवास होते हुए सिटी पैलेस तक दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन जा सकेंगे। भारी वाहनों और बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • सिटी पैलेस से पटेल सर्कल: सिटी पैलेस के पिछले गेट से चारपहिया वाहन दूधतलाई, पाला गणेशजी और किशनपोल होते हुए पटेल सर्कल जा सकेंगे।
  • पटेल सर्कल से दूधतलाई: इस मार्ग पर दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन सामान्य रहेगा।
  • जगदीश चौक से चांदपोल: तिपहिया और चारपहिया वाहनों का चांदपोल की ओर जाना प्रतिबंधित रहेगा।
  • चांदपोल से जगदीश चौक: केवल दोपहिया वाहनों को वन-वे प्रवेश मिलेगा। तिपहिया और चारपहिया वाहनों का निकास प्रतिबंधित रहेगा।
  • जगदीश चौक से हाथीपोल: घंटाघर थाना होते हुए हाथीपोल की ओर सभी वाहनों का एकतरफा निकास रहेगा।
  • हाथीपोल से जगदीश चौक: घंटाघर थाना मार्ग से केवल दोपहिया वाहन जा सकेंगे। तिपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
  • हाथीपोल से चांदपोल: दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन जाटवाड़ी होते हुए चांदपोल जा सकेंगे। चांदपोल से हाथीपोल की ओर तिपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • चांदपोल से ब्रह्मपोल और सुभाष चौक: दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन जाड़ा गणेशजी होते हुए जा सकेंगे।
  • ब्रह्मपोल से चांदपोल: सीधे चांदपोल की ओर तिपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वैकल्पिक मार्ग के रूप में टीचर्स कॉलोनी, अंबामाता थाना, यादव कॉलोनी तिराहा, अंबागढ़ कच्ची बस्ती और नई पुलिया होते हुए चांदपोल पहुंच सकेंगे।
    पर्यटन थाना क्षेत्र में भी बदले रास्ते
    जगदीश चौक से पर्यटन थाने की ओर तिपहिया और चारपहिया वाहनों का निकास प्रतिबंधित रहेगा। पर्यटन थाने से जगदीश चौक की ओर भी इन वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। पर्यटन थाने से रंगनिवास, कालाजी-गोराजी होते हुए आरएमवी तिराहे के सामने से अमृत नमकीन की ओर तिपहिया और चारपहिया वाहन जा सकेंगे। वहीं वी-मार्ट से आरएमवी होते हुए कालाजी-गोराजी की ओर तिपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अंबामाता चौक से अंबापोल और जाड़ा गणेशजी की ओर भी तिपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।