पर्यटन : एक टिकट पर दिनभर घूम सकेंगे पर्यटक, एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन से जुड़ेंगे पर्यटन रूट
गोपाल लोहार
उदयपुर, 26 जून: झीलों की नगरी उदयपुर में पर्यटन को नया आयाम देने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार की योजना के तहत शहर को जल्द ही 10 डबल डेकर इलेक्ट्रिक (ई) पर्यटन बसें मिलेंगी। इन बसों के संचालन से देश-विदेश से आने वाले पर्यटक एक ही टिकट पर दिनभर शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे। इससे न केवल पर्यटकों का सफर आसान होगा, बल्कि उदयपुर की पर्यटन पहचान भी और मजबूत होगी।
प्रस्तावित योजना के अनुसार बसों का रूट सिटी पैलेस, फतेहसागर झील, सज्जनगढ़ (मानसून पैलेस), सहेलियों की बाड़ी, दूध तलाई, पिछोला झील, शिल्पग्राम सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ते हुए तैयार किया जाएगा। साथ ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और केंद्रीय बस स्टैंड को भी इन रूटों से जोड़ा जाएगा, ताकि शहर पहुंचते ही पर्यटक आसानी से पर्यटन बस सेवा का लाभ उठा सकें।
डबल डेकर बस का निचला हिस्सा वातानुकूलित (एसी) होगा, जबकि ऊपरी डेक को खुला और दर्शनीय स्थलों के विहंगम दृश्य देखने के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे सफर के दौरान पर्यटक झीलों, पहाड़ियों और ऐतिहासिक धरोहरों का आकर्षक नजारा देख सकेंगे।
जयपुर, जोधपुर और उदयपुर बनेंगे पर्यटन के आधुनिक मॉडल
पर्यटन विभाग और संबंधित एजेंसियां फिलहाल बसों के रूट, टिकट प्रणाली और संचालन की रूपरेखा तैयार कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से निजी वाहनों पर निर्भरता घटेगी, शहर में संगठित पर्यटन परिवहन व्यवस्था विकसित होगी तथा होटल, ट्रैवल, गाइड और स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। राज्य सरकार जयपुर, जोधपुर और उदयपुर में इस परियोजना को पर्यटन के आधुनिक मॉडल के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है।