17 अगस्त को निकलेगी 21वीं विशाल कांवड़ यात्रा
उदयपुर, 6 अगस्त: मेवाड़ में अच्छी बारिश, प्रदेश की खुशहाली और देश में सुख-समृद्धि की कामना के साथ 17 अगस्त को 21वीं विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। शिव महोत्सव समिति के तत्वावधान में उदयपुर से उभयेश्वर महादेव तक आयोजित होने वाली 21 किलोमीटर लंबी यात्रा के लिए 11 हजार कांवड़ तैयार की जा रही हैं। गंगोद्भव परिसर स्थित सामुदायिक भवन में कांवड़ निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, जिसमें समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता श्रमदान कर रहे हैं।
समिति अध्यक्ष यज्ञ नारायण शर्मा ने बताया कि वर्ष 2006 में 50 श्रद्धालुओं के साथ शुरू हुई यह यात्रा आज जनआस्था का विशाल आयोजन बन चुकी है। वर्ष 2025 में 10 हजार श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया था। इस बार बढ़ती संख्या को देखते हुए 11 हजार कांवड़ तैयार करवाई जा रही हैं।
कांवड़ निर्माण में एडवोकेट डॉ. रामकृपा शर्मा, शेखर रावल, हरिनारायण पुरोहित, प्रशांत पालीवाल, गणेशलाल तेली, सुरेश रावत, कृष्णकांत कुमावत, नितिश पुरोहित, संतोष शर्मा, नारायण व्यास, वीणा राजगुरु, आनंदीलाल चितौड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं।
महादेव धर्मोत्सव समिति के अध्यक्ष मानसिंह हाड़ा ने बताया कि शिव महोत्सव के दूसरे चरण में 9 अगस्त को शाम 4 बजे गंगोद्भव परिसर स्थित सामुदायिक भवन में दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ की स्थापना की जाएगी।