भाजपा-कांग्रेस के 47-47 उम्मीदवारों के अलावा बीएपी के 20 प्रत्याशी; वार्ड 43 में पूर्व विधायक और मौजूदा विधायक के परिवार के बीच मुकाबला
उदयपुर, 15 अक्टूबर: उदयपुर जिला परिषद के 47 वार्डों में नामांकन वापसी के बाद चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। सभी वार्डों में कुल 126 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा और कांग्रेस ने सभी 47-47 वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के 20, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के 3, माकपा के 3, आम आदमी पार्टी के 2 और 4 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। कुल 21 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि अन्य वार्डों में तीसरे और चौथे उम्मीदवारों ने मुकाबले को बहुकोणीय बना दिया है।
चुनाव में कई प्रमुख नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। वार्ड 43 में पूर्व विधायक दलीचंद डांगी का मुकाबला कांग्रेस विधायक पुष्कर डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी से है। वार्ड 37 में भाजपा के हिम्मत सिंह झाला के सामने कांग्रेस के देवीलाल जाट हैं। वार्ड 2 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लालसिंह झाला और भाजपा के भोपाल सिंह देवड़ा आमने-सामने हैं। वार्ड 32 में कांग्रेस के राजसिंह झाला का मुकाबला श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत से होगा।
वार्ड 7 में भाजपा के पूर्व प्रधान मुरारीलाल बुंबरिया के सामने कांग्रेस के सेवानिवृत्त शिक्षक बाबूलाल बुंबरिया हैं। वार्ड 40 में भाजपा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रगुप्त सिंह चौहान का मुकाबला गणेशलाल जाट से है। वार्ड 31 में भाजपा के अनिल जारोली के सामने अरविंद सिंह पाटिया हैं।
तीन चरणों में मतदान
जिला परिषद के 47 वार्डों में तीन चरणों में मतदान होगा। पहले चरण में 22 अक्टूबर को 25 वार्डों, दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को 14 वार्डों और तीसरे चरण में 3 नवंबर को 8 वार्डों में वोट डाले जाएंगे। तीसरे चरण में नयागांव, खेरवाड़ा और ऋषभदेव क्षेत्र के वार्ड 17 से 24 तक मतदान होगा।
कई वार्डों में गांव के प्रत्याशी आमने-सामने
कई वार्डों में एक ही गांव के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। वार्ड 6 में कोटड़ा के देवला गांव के छोटूलाल गरासिया और नारायणलाल, वार्ड 7 में मांडवा के मुरारीलाल और बाबूलाल तथा वार्ड 15 में झाड़ोल के सेलाना गांव के लक्ष्मीलाल और उदयलाल डामोर मैदान में हैं। वार्ड 16 में मादला की माला देवी और मगु देवी, वार्ड 17 में भाटड़िया की कोमल कुमारी और आशा डामोर, वार्ड 24 में सागवाड़ा की सीता मीणा और सोनिया मीणा तथा वार्ड 36 में बाठरड़ा कलां की पारस कंवर और चंदन कुंवर के बीच मुकाबला है।
छह वार्डों में चार-चार प्रत्याशी
वार्ड 1, 12, 21, 31, 35 और 40 में चार-चार प्रत्याशी होने से चतुष्कोणीय मुकाबला है। वार्ड 43 में निर्दलीय रणजीत आचार्य और वार्ड 37 में निर्दलीय रामेश्वरलाल गुर्जर भी मैदान में हैं। वार्ड 40 में रालोपा के नारायणलाल जाट चुनाव लड़ रहे हैं। बीएपी ने वार्ड 31 से रमण मेघवाल और वार्ड 47 से लक्ष्मी कुमारी गमेती को उम्मीदवार बनाया है।