बाजार कीमत करीब 1.98 करोड़ रुपए, तस्करी में इस्तेमाल टोयोटा इटियॉस व बोलेरो पिकअप भी पकड़ी
उदयपुर, 10 सितंबर: उदयपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सायरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1323.740 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। जब्त डोडा चूरा की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 98 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक टोयोटा इटियॉस कार और एक बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा एवं वृत्ताधिकारी गोगुंदा छगन पुरोहित के सुपरविजन में थाना अधिकारी सायरा शैतान सिंह नाथावत के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मग्गा से कांबा जाने वाली सड़क पर घाटे के अंदर कुछ तस्कर डोडा चूरा से भरी गाड़ियों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां सफेद रंग की टोयोटा इटियॉस कार नंबर RJ 19 TA 2171 और सफेद रंग की बोलेरो पिकअप खड़ी मिली। पुलिस को देखकर वाहनों में मौजूद तस्कर अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर झाड़ियों की ओर भागने में सफल रहे।
पुलिस ने दोनों वाहनों की तलाशी ली तो प्लास्टिक के कट्टों में भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा भरा मिला। मौके से कुल 66 कट्टे जब्त किए गए, जिनका कुल वजन 1323.740 किलो पाया गया। वाहनों की तलाशी के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन, आधार कार्ड, फर्जी नंबर प्लेटें और अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले का अग्रिम अनुसंधान जारी है।