बागोलिया से लाभांवित होगा 17 गांव उदयसागर नहरों व बागोलिया फीडर कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे एसीई

Share

उदयपुर, 5 अप्रैल: राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा उदयसागर बांध की नहरों एवं बागोलिया फीडर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। अतिरिक्त मुख्य अभियंता वीरेंद्र सिंह सागर ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा की समीक्षा कर अधिकारियों को तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री की नियमित जांच और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण में बताया गया कि मावली क्षेत्र की सिंचाई समस्याओं के समाधान के लिए बागोलिया फीडर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे 17 गांवों की 3676 हेक्टेयर भूमि को लाभ मिलेगा और पेयजल आपूर्ति में सुधार होगा। साथ ही जेआईसीए से वित्त पोषित उदयसागर नहरों के जीर्णोद्धार कार्य का भी जायजा लिया गया। इसके पूरा होने से सीपेज में कमी आएगी और रबी सीजन में टेल एंड तक समय पर पानी पहुंच सकेगा। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश दिए गए। मौके पर अधिशाषी अभियंता मोहित पाटीदार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।