राजस्थानी संगीत पर थिरके विदेशी मेहमान, भेलपुरी का लिया स्वाद; दुनिया तक पहुंचेगी राजस्थान की विरासत
चित्तौड़गढ़, 10 अगस्त: चित्तौड़गढ़ दुर्ग की वीरता, इतिहास और राजस्थान की संस्कृति अब दुनिया के 16 देशों तक पहुंचेगी। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के फेम टूर के तहत 16 देशों से आए 32 सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स सोमवार को चित्तौड़गढ़ पहुंचे। विदेशी मेहमानों ने दुर्ग के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया और स्थानीय संस्कृति का अनुभव लिया। सोशल मीडिया पर इनके लाखों फॉलोअर्स हैं।
दल ने कुंभा महल, विजय स्तंभ, पद्मिनी पैलेस, कीर्ति स्तंभ, जौहर स्थल, समाधीश्वर महादेव मंदिर और संग्रहालय देखा। गाइडों ने उन्हें दुर्ग के इतिहास और स्थापत्य की जानकारी दी। विदेशी मेहमानों ने स्थानीय लोगों के साथ राजस्थानी संगीत पर नृत्य किया और भेलपुरी का स्वाद भी लिया। कोटा की त्रिस्टी पांचाल के साथ उन्होंने डांस रील भी बनाई।
पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक विवेक जोशी ने बताया कि दल को राजस्थान की विरासत, लोककला और खानपान से परिचित कराया जा रहा है। चित्तौड़गढ़ के बाद दल उदयपुर और जयपुर जाएगा। अधिकारियों के अनुसार ये कंटेंट क्रिएटर्स अपने देशों में अनुभव साझा कर लोगों को भारत भ्रमण के लिए प्रेरित करेंगे।