10 से 50 रुपए तक किराया; सभी बसें AC, दूसरे चरण में 17 और बसें मिलेंगी
उदयपुर, 18 अगस्त: उदयपुर में मंगलवार से 33 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से बस सेवा की शुरुआत की। इसके बाद नगर निगम परिसर से संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के अलग-अलग निर्धारित रूट पर चलने वाली इन बसों का किराया 10 से 50 रुपए के बीच रखा गया है।
सभी बसें वातानुकूलित, 17 और मिलेंगी
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि सभी ई-बसें वातानुकूलित हैं। इनसे यात्रियों को आरामदायक और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। दूसरे चरण में 17 और बसें मिलने के बाद उदयपुर में कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा हो जाएगा।
प्रमुख इलाकों और पर्यटन स्थलों से कनेक्टिविटी
निगम प्रशासन ने शहर के प्रमुख इलाकों और पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए रूट निर्धारित किए हैं। शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि ई-बस सेवा से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा।
प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल-पेट्रोल वाहनों पर निर्भरता और उनसे होने वाले प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद है। निगम के अनुसार अतिरिक्त बसें आने के बाद प्रमुख बाजारों, उपनगरीय क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।