सामाजिक कार्यक्रम में बाहर गया था परिवार
उदयपुर, 9 अप्रैल: शहर में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला घंटाघर थाना क्षेत्र के सिलावट वाड़ी स्थित बीच की मस्जिद के सामने का है, जहां सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार चोरी की यह घटना बुधवार रात करीब 8 बजे हुई, जब कॉलोनी में सामान्य गतिविधियां जारी थीं। इसके बावजूद चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए और पूरे मकान में आराम से तलाशी ली।
पीड़ित इरशाद खान पुत्र शहीद खान ने बताया कि चोर तीसरी मंजिल पर रखी अलमारी से करीब 35 तोला सोना और लगभग 20 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय पूरा परिवार किसी परिचित के सामाजिक कार्यक्रम में गया हुआ था।
देर रात जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। यह देख परिवार के होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर घंटाघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने बताया कि चोरी हुआ सोना चारों भाइयों के हिस्से का था और नकदी उनकी मेहनत की जमा पूंजी थी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में बढ़ती चोरियों को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।