उदयपुर जिले के 419 स्कूल खतरे में, 31 को मिला बजट

Share

उदयपुर, 23 मई: राजस्थान के सरकारी स्कूलों में जर्जर भवनों के बीच पढ़ाई कर रहे बच्चों के लिए राहतभरी खबर आई है। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद ने प्रदेश के 300 जर्जर स्कूलों को हटाकर नए भवन निर्माण के लिए 409 करोड़ 49 लाख 25 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। इस सूची में 31 स्कूलों के साथ उदयपुर जिला पूरे प्रदेश में सबसे आगे रहा है।
हालांकि जिले की वास्तविक स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार उदयपुर जिले में करीब 450 स्कूल जर्जर अवस्था में हैं। ऐसे में केवल 31 स्कूलों को स्वीकृति मिलना राहत से ज्यादा शुरुआत माना जा रहा है। शेष 419 स्कूलों में अब भी बच्चे जोखिम के बीच पढ़ाई करने को मजबूर होंगे।
चित्तौड़गढ़ के जाशमा स्कूल में बरामदे की पट्टियां गिरने की घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों ने साफ कहा है कि यदि स्कूल खुलने से पहले भवन सुरक्षित नहीं किए गए तो वे बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे और आंदोलन करेंगे।
शिक्षा विभाग का कहना है कि स्वीकृत स्कूलों में जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, लेकिन जिले के बाकी जर्जर स्कूलों को लेकर अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है।