उदयपुर, 28 जुलाई: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को राजस्थान सरकार प्रदेशभर में 515 संत-महंतों का सम्मान करेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर देवस्थान विभाग ने सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। नियुक्त अधिकारी जनप्रतिनिधियों, संबंधित मंत्री अथवा विधायक की मौजूदगी में मठों और मंदिरों में पहुंचकर सम्मान समारोह संपन्न कराएंगे। प्रत्येक संत-महंत को 2100 रुपए नकद, शॉल, दुपट्टा, श्रीफल, मिठाई तथा मुख्यमंत्री का ‘गुरु वंदन संदेश’ भेंट किया जाएगा। जिला कलेक्टरों के माध्यम से कार्यक्रमों की निगरानी की जाएगी। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि सभी सम्मान समारोह समयबद्ध, गरिमापूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में आयोजित हों, ताकि समाज में संत परंपरा के प्रति सम्मान का संदेश पहुंचे।