एक बैंक खाते से 54 साइबर ठगी के मामले, आरोपी फरार

Share

डबोक पुलिस का खुलासा: देशभर से शिकायतें, सांगवा मावली का युवक जांच के घेरे में?
मावली, 27 मार्च:
उदयपुर जिले की डबोक थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि कैनरा बैंक की खेमली शाखा में खोले गए एक संदिग्ध खाते के खिलाफ देशभर में 54 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह खाता “मैसर्स पटेल डेयरी फर्म” के नाम से खोला गया था, जिसे सांगवा (मावली) निवासी बंशीलाल डांगी ने संचालित किया। साइबर क्राइम पोर्टल और हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज शिकायतों की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इसी खाते के जरिए अलग-अलग राज्यों में लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया।
बैंक स्टेटमेंट में सामने आया कि 12 से 18 जुलाई 2024 के बीच खाते में भारी मात्रा में संदिग्ध ट्रांजैक्शन हुए। अलग-अलग स्थानों से रकम जमा कर तुरंत आरटीजीएस, एनईएफटी, आईएमपीएस और यूपीआई के माध्यम से निकाल ली जाती थी, जिससे ट्रैकिंग मुश्किल हो जाती थी।
पुलिस को मिली गोपनीय जानकारी के अनुसार शिकायतें दर्ज होने के बाद से आरोपी बंशीलाल डांगी फरार है और लगातार ठिकाने बदल रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 316(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी गोपाल नाथ के निर्देशन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। साथ ही खाते से जुड़े अन्य संभावित लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, जिससे इस साइबर गिरोह का पूरा खुलासा हो सके।