उदयपुर, 21 मई: आमजन को आधार सेवाएं अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय आधार कमेटी ने जिले में नए स्थायी आधार केन्द्रों एवं सीईएलसी केन्द्रों की स्थापना का निर्णय लिया है।
समिति द्वारा विभिन्न उपखण्ड अधिकारियों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर स्थानों का चयन एवं केन्द्रों की संख्या निर्धारित की गई है।
सूचना प्रोद्योगिकी एवं संचार विभाग उदयपुर के संयुक्त निदेशक ने बताया कि जिले में कुल 69 नए स्थायी आधार केन्द्र तथा 48 सीईएलसी केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। चयनित स्थानों पर संचालन हेतु पात्र व्यक्तियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक व्यक्ति अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से राज आधार मॉड्यूल में 26 मई से 25 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि आवेदन करने वाले व्यक्यिों को यूूनीक आईडेन्टीफिकेशन आॅथोरिटी आॅफ इंडिया (यूआईडीएआई) एवं विभाग द्वारा निर्धारित शर्तों एवं पात्रता मानदंडों का पालन करना होगा। प्राप्त आवेदनों में से पात्र उम्मीदवारों का चयन जिला स्तरीय आधार कमेटी द्वारा नियमानुसार किया जाएगा। नवीन आधार एव सीईएलसी केन्द्रों की स्थापना हेतु चयनित स्थानों की सूची एवं पात्रता व शर्ते जिले की वेबसाइट udaipur.rajasthan.gov.in पर देखी जा सकती है।