उदयपुर, 14 अगस्त: जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले 69 व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर जितेन्द्र ओझा ने बताया कि प्रशासन, चिकित्सा, शिक्षा, शोध, कृषि, कानून, पत्रकारिता, खेल, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तीकरण, नागरिक सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
प्रशासन और राजकीय सेवा
प्रशासनिक एवं राजकीय सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए एसडीएम मावली रमेश सीरवी पूनाड़िया, तहसीलदार सीताराम खटीक, विकास अधिकारी कार्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र पी. खींची, झाड़ोल के ऑफिस कानूनगो विजय कुमार दोशी, राजस्थान आवासन मंडल के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मुकेश शर्मा, एडीएम प्रशासन के सहायक प्रशासनिक अधिकारी मनोज श्रीमाली, पटवारी देवीलाल गमेती, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कनिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह चौहान, ग्राम विकास अधिकारी भवानी शंकर जोशी सहित अन्य कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा।
कृषि क्षेत्र में सहायक कृषि अधिकारी कलावती खटीक को कृषि योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं यूरिया प्रबंधन में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मान मिलेगा। नागरिक सुरक्षा विभाग के हेवी ड्राइवर एवं रेस्क्यूअर प्रकाश कुमार राठौड़ को आपदा के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया जाएगा।
चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं
चिकित्सा क्षेत्र में जिला चिकित्सालय अंबामाता के उपनिदेशक डॉ. नरेश कुमार सिंघल को दो लाख से अधिक मरीजों को सेवाएं देने और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए सम्मान मिलेगा। महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र राठौड़ को 50 हजार से अधिक कैंसर मरीजों के उपचार में योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा बीसीएमओ वल्लभनगर डॉ. कुलदीप लौहार, वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र सिंह देवड़ा, चिकित्सक डॉ. प्रकाश चंद्र जैन, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार मेहता, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. गौरव पाईवाल, वरिष्ठ नर्सिंग ऑफिसर पंकज कुमार चौबीसा, नर्सिंग ऑफिसर राजेश कुमार चौधरी, सचिन वैष्णव और एलम्मा जोसफ को भी सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा, शोध और साहित्य
शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य उषारानी, एफआर-4 सर पदमपत सिंघानिया विश्वविद्यालय के डॉ. अरुण वैष्णव, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी मोहनलाल मेघवाल, प्रधानाचार्य अशोक कुंवर राजपूत, उप प्राचार्य जयदीप मेहता, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. प्रकाश चंद्र कंठालिया, उप प्रधानाचार्य राधाकृष्ण चौबीसा, एनसीसी अधिकारी भंवर सिंह चौहान, अध्यापिका कविता मैरानी और साहित्यकार डॉ. विजय लक्ष्मी नैणावटी को सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. अरुण वैष्णव को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा एवं कंप्यूटर विजन में 35 से अधिक शोध प्रकाशन और चार पेटेंट के लिए सम्मान मिलेगा।
कानून और कृषि क्षेत्र
विशिष्ट लोक अभियोजक महेंद्र ओझा, अधिवक्ता रोशनलाल जैन, यूडीए के सहायक विधि परामर्शी कलपेश पंचाल, कृषि उपज मंडी समिति के हितेश कुमार शर्मा और कृषि विस्तार की कनिष्ठ अनुसंधान अधिकारी नेहा भारती को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
पत्रकारिता, खेल और सामाजिक सेवा
पत्रकारिता के क्षेत्र में पंजाब केसरी के गोपाल लोहार, रवि कुमार धाकड़ और गिरिराज सारस्वत को सम्मान मिलेगा। गिरिराज सारस्वत को 25 वर्षों की पत्रकारिता सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
खेल क्षेत्र में योगाचार्य जैनीका भंडारी, टेनिस कोच खेमराज गमेती, कयाकिंग खिलाड़ी शकुन कुमावत और फाइन आर्ट पेंटर मोहित व्यास को सम्मानित किया जाएगा। शकुन कुमावत ने खेलो इंडिया कयाकिंग एवं कैनोइंग नॉर्थ जोन प्रतियोगिता के सब-जूनियर गर्ल्स 500 मीटर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
सामाजिक क्षेत्र में डॉ. महेंद्र सिंह, शिव कुमार शर्मा, आधार फाउंडेशन, मेवाड़ जन शक्ति दल और चंद्र प्रकाश चौबीसा को सम्मानित किया जाएगा। स्टार्टअप विशेषज्ञ सौरभ वैष्णव को 150 से अधिक स्टार्टअप को मार्गदर्शन देकर युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने पर सम्मान मिलेगा।
युवा, महिला सशक्तीकरण और अन्य सेवाएं
सेंट पॉल स्कूल भूपालपुरा की छात्रा देवयानी साहू को राष्ट्रीय कैडेट कोर गणतंत्र दिवस शिविर-2026 में राजस्थान निदेशालय का प्रतिनिधित्व करने पर सम्मानित किया जाएगा। अध्यापिका कमल मेहता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लीला देवी गरासिया, साथिन वेदवती नागदा और एंकर सवी मालू को भी उनके योगदान के लिए सम्मान मिलेगा।
सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नगर निगम के सफाई कर्मचारी भगवती/मदन और जावेद/मुन्ना खां को सम्मानित किया जाएगा। एनआईसी के जिला नेटवर्क एडमिनिस्ट्रेटर टिकेन्द्र कुमार शर्मा को तकनीकी दक्षता से नेटवर्क संबंधी दायित्वों के निर्वहन के लिए सम्मान मिलेगा।