77 कार्टन अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त, दो कारें सीज; एक आरोपी गिरफ्तार

Share

डीएसटी और पाटिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उदयपुर, 11 जून:
अवैध शराब के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी एवं पाटिया थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 77 कार्टन अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान दो कारों को भी जब्त किया गया, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल तथा ऋषभदेव वृत्ताधिकारी राजीव राहड़ के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने गुड़ा गांव स्थित एक रिहायशी मकान और मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार से 18 कार्टन अंग्रेजी शराब और 54 कार्टन बीयर बरामद की। मौके से गुड़ा निवासी 23 वर्षीय तरुण कुमार पुत्र लालशंकर को गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक बिना नंबर की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार में अवैध रूप से परिवहन की जा रही करीब पांच कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की। हालांकि कार चालक और उसका साथी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपए तथा जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपए है। इस प्रकार कुल 13 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
कार्रवाई में पाटिया थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव, डीएसटी प्रभारी विक्रम सिंह तथा उनकी टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।