स्टेशन पर “जय श्रीराम” की गूंज
उदयपुर, 13 जनवरी: राजस्थान सरकार की निःशुल्क वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के तहत मंगलवार को उदयपुर के राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन से तीर्थ विशेष एसी ट्रेन रवाना की गई। यह ट्रेन अयोध्या, हरिद्वार, ऋषिकेश, वाराणसी और सारनाथ की यात्रा पर निकली। स्टेशन परिसर “जय श्रीराम” के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु वरिष्ठ नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
सरकारी अधिकारी एवं योजना के प्रवक्ता जतिन कुमार गांधी, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग, उदयपुर ने बताया कि ट्रेन को दोपहर 12.25 बजे अतिरिक्त आयुक्त देवस्थान गीतेश मालवीय, सहायक आयुक्त ऋषभदेव एवं दीपिका मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उदयपुर संभाग के उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, सलूंबर, बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों से 633 वरिष्ठ नागरिक इस ट्रेन में सवार हुए। इसके अलावा कोटा संभाग से 240 तथा भरतपुर संभाग से 110 यात्री आगे के स्टेशनों से जुड़ेंगे।
जतिन कुमार गांधी ने बताया कि यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को काशी विश्वनाथ, सारनाथ, अयोध्या में रामलला, ऋषिकेश एवं हरिद्वार के दर्शन कराए जाएंगे। ट्रेन प्रभारी श्री महेंद्र जैन को नियुक्त किया गया है। कुल 970 यात्रियों के साथ मेडिकल टीम, अनुरक्षक व स्टाफ सहित लगभग 1000 लोग यात्रा कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा भोजन, आवास, दर्शन एवं चिकित्सा सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह ट्रेन 18 जनवरी को पुनः उदयपुर लौटेगी।