रविवार होने से टली जनहानि, पास की फैक्ट्री की बिल्डिंग क्षतिग्रस्त; तकनीकी जांच शुरू
चित्तौड़गढ़, 3 मई: जिले के गंगरार क्षेत्र स्थित सोनियाणा रीको औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब असाही इंडिया ग्लास लिमिटेड फैक्ट्री की करीब 150 फीट ऊंची चिमनी का ऊपरी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। चिमनी गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज गूंजी और पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा यह घटना बड़े औद्योगिक हादसे में बदल सकती थी।
हादसे के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, क्योंकि रविवार का अवकाश था। बताया जा रहा है कि जहां चिमनी का हिस्सा गिरा, उस स्थान पर सामान्य दिनों में भी श्रमिकों की आवाजाही कम रहती है। ऐसे में यह घटना कार्यदिवस पर होती तो कई लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।
पास की बिल्डिंग को पहुंचा नुकसान
गिरी हुई चिमनी का भारी हिस्सा पास स्थित एक अन्य फैक्ट्री की बिल्डिंग पर जा गिरा, जिससे उसे आंशिक नुकसान पहुंचा। हालांकि उस समय वहां भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने घेरा क्षेत्र, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। फैक्ट्री में आम लोगों की एंट्री पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने मौके का निरीक्षण कर तकनीकी जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे संरचनात्मक या डिजाइन संबंधी खामी माना जा रहा है, लेकिन अंतिम कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।