केबिन में फंसे चालक को जेसीबी से रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, एनएच-48 पर कुछ देर यातायात प्रभावित
उदयपुर, 5 जुलाई: उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर रविवार शाम भमरासिया घाटी मोड़ के ओवरब्रिज पर ट्रेलर और ट्रक की भिड़ंत में ट्रक चालक गंभीर घायल हो गया। बताया गया कि अचानक सामने गाय आने पर ट्रेलर चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
सूचना पर भटेवर चौकी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद भी चालक नहीं निकल सका, जिस पर जेसीबी से केबिन को खींचकर तोड़ा गया और चालक को बाहर निकालकर हाईवे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में चालक के पैर में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में वाहनों को हटाकर सुचारु कराया गया।