उदयपुर, 25 अक्टूबर: नारायण सेवा संस्थान के वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी में रविवार को विभिन्न राज्यों से आए समाजसेवियों का स्नेह मिलन समारोह हुआ। गुरुग्राम के आनंद प्रकाश, दिल्ली के गोपीचंद सहरावत, नागपुर की अर्चना गुप्ता, आनंद के भूपेंद्र चतुरभाई पटेल और अहमदाबाद के सुनील जोशी ने संस्थान के सेवा प्रकल्पों का अवलोकन किया। संस्थापक एवं चेयरमैन पद्मश्री कैलाश मानव, सह-संस्थापिका कमला देवी अग्रवाल और निदेशक पलक अग्रवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पलक अग्रवाल ने अतिथियों को चिकित्सा एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी दी। दिव्यांगजनों से संवाद के दौरान अतिथियों ने उनके संघर्ष और आत्मनिर्भर बनने की उम्मीदों को जाना। भूपेंद्र पटेल ने भविष्य में सहयोग का भरोसा दिलाया।