परिवहन व्यवस्था फेल, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आया प्रशासन
बांसवाड़ा, 9 जनवरी: बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी क्षेत्र से परिवहन व्यवस्था की भयावह तस्वीर सामने आई है, जहां 16 सीटर जीप में करीब 60 सवारियां बैठाकर यात्रियों की जान से खुला खिलवाड़ किया गया। जीप के अंदर ही नहीं, बल्कि बोनट, छत, स्टेपनी और गेटों पर भी यात्री लटके नजर आए। इस खतरनाक सफर में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग तक शामिल थे।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि जीप खचाखच भरी होने के बावजूद तेज रफ्तार में दौड़ रही है। ड्राइवर को न तो यात्रियों की सुरक्षा की चिंता है और न ही कानून का डर। क्षेत्र में रोडवेज बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों की भारी कमी के चलते ग्रामीण मजबूरी में इस तरह के जोखिम भरे सफर को अपनाने को विवश हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की प्रतिक्रिया सामने आई। ट्रैफिक पुलिस के कार्यवाहक इंचार्ज वीरभद्र सिंह ने बताया कि पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। पूर्व में भी ऐसे वाहनों से लगेज कैरियर हटवाए गए हैं और नियम तोड़ने वालों पर चालान बनाए गए हैं।
डीटीओ पंकज शर्मा ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आने के बाद आनंदपुरी क्षेत्र में टीम भेजी गई थी और कुछ ओवरलोड वाहनों के चालान भी काटे गए हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि क्षेत्र में परिवहन संसाधनों की कमी के कारण इस तरह की स्थितियां बन रही हैं, लेकिन नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते परिवहन व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।