उदयपुर से कोटा के बीच नई लोकल ट्रेन चलेगी

Share

चंदेरिया होकर जाने वाली ट्रेन हर छोटे स्टेशन पर रूकेगी, रेल मंत्री ने दोनों सांसदों को भेजा पत्र
उदयपुर, 19 अक्टूबर
: रेलवे ने उदयपुर से कोटा के बीच वाया चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) होकर नई मेमू (लोकल ट्रेन) चलाने की स्वीकृति दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को पत्र लिखकर इस बारे में जानकारी दी।
उदयपुर और कोटा के बीच सभी छोटे स्टेशन से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी मददगार साबित होगी। रेलवे जल्द ही इस ट्रेन का समय और शेड्यूल जारी करेगा।
जनप्रतिनिधयों की मांग और क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने के लिए गाड़ी संख्या 61628/61627 उदयपुर सिटी-कोटा मेमू (लोकल ट्रेन) के संचालन को मंजूरी दी गई है। यह ट्रेन उदयपुर से चलकर चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) के रास्ते कोटा तक जाएगी।
यह एक मेमू (लोकल ट्रेन) है, जो रास्ते के हर छोटे-बड़े स्टेशन पर रुकेगी। इस ट्रेन के चलने से उदयपुर से कोटा के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस रूट पर मावली, फतहनगर, कपासन और कोटा के बीच आने-जाने वाले कई छोटे रेलवे स्टेशनों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
कामकाजी और स्टूडेंट्स के लिए सफर आसान
दरअसल एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव हर छोटे स्टेशन पर नहीं होता था, जिससे ग्रामीण और छोटे कस्बों के इलाकों के लोगों को परेशानी होती थी। इस मेमू (लोकल ट्रेन) के शुरू होने से कामकाजी लोग, स्टूडेंट्स और व्यापारियों को कम खर्च में आवागमन की सीधी सुविधा मिल सकेगी।