कस्तूरबा छात्रावास की छात्रा की उल्टी श्वास नली में फंसी, मौत

Share


चित्तौड़गढ़, 4 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र और प्रतापगढ़ जिले के अरनोद क्षेत्र में सोमवार रात दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में एक नाबालिग छात्रा और एक किशोर की मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं ने प्रशासनिक जिम्मेदारी और जनसुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
बेगूं क्षेत्र के नयागांव चेची स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास में आठवीं कक्षा की छात्रा पिंकी कुमारी (13) पुत्री शंकरलाल भील की सोमवार देर रात मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रात लगभग एक बजे पिंकी को अचानक उल्टी हुई और दूसरी उल्टी के दौरान वह बेहोश हो गई। वार्डन मिथिलेश ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और छात्रा को उप जिला अस्पताल बेगूं पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉ. पंकज नारनौलिया, शिशु रोग विशेषज्ञ, ने बताया कि छात्रा को “एस्पिरेशन” हुआ, जिसमें उल्टी श्वास नली में फंस जाने से सांस रुक जाती है। अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सीबीईओ रामसिंह यादव और एएसआई लेखराज ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार किया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। पिंकी अपने चार बहनों और एक भाई में तीसरे क्रम की संतान थी।