सरसों के तेल से भरा ट्रक बना आग का गोला

Share

चलते ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
उदयपुर, 14 मई:
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर गुरुवार सुबह सरसों के तेल से भरे एक मिनी ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। धुआं उठता देख ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
घटना बारापाल स्थित सीजर पैलेस होटल के सामने की है। अहमदाबाद से उदयपुर आ रहे मिनी ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। ट्रक में सरसों का तेल भरा होने से आग तेजी से फैल गई और वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना पर गोवर्धन विलास थाना पुलिस और जावर माइंस से दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
सब्जी मंडी के कचरे के ढेर में लगी आग, सीसीटीवी कैमरे जले
सवीना सब्जी मंडी में गुरुवार सुबह कचरे के ढेर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से पोल पर लगे 4-5 सीसीटीवी कैमरे जलकर राख हो गए। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। व्यापारियों ने मंडी में 20-25 दिनों से सफाई नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समय पर कचरा नहीं हटाने से ऐसी घटनाएं हो रही हैं।