बजरंग दल–विहिप ने सौंपा पुलिस को, युवक का मोबाइल जांच के लिए भेजा
प्रतापगढ़, 24 दिसम्बर: प्रतापगढ़ शहर में बुधवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने एक युवक और युवती को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हिंदू संगठनों ने युवक पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में हंगामा किया और सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि युवक के मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में अश्लील वीडियो तथा मादक पदार्थों से संबंधित फोटो और वीडियो मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल, विहिप सहित अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए।
मामले की सूचना पर डीएसपी गजेंद्र सिंह राव और शहर कोतवाल दीपक बंजारा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक-युवती से अलग-अलग पूछताछ की और युवक का मोबाइल जब्त कर तकनीकी जांच के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। एहतियातन कोतवाली परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।