कुराबड़ में युवक पर तेंदुए का हमला, बाल-बाल बची जान

Share

तेंदुए की लगातार दस्तक, दहशत में ग्रामीण
एक तेंदुआ पकड़ा में आ चुका, वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
उदयपुर, 5 नवम्बर:
उदयपुर जिले के कुराबड़ क्षेत्र में तेंदुए के हमले से एक युवक घायल हो गया। सोमवार रात को यह घटना उस समय हुई, जब युवक अपने गांव लौट रहा था। हाल ही में क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधियों के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है। कुछ दिन पहले एक तेंदुए को वन विभाग की टीम पकड़ चुकी है। उसके बावजूद तेंदुओं की आबादी क्षेत्र में दस्तक को लेकर वन विभाग ने निगरानी बढ़ाई है।
मिली जानकारी के अनुसार मेतारेट निवासी भगवतीलाल नागदा पुत्र कालूलाल उदयपुर शहर से मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहा था। घर से करीब आधा किलोमीटर पहले दांतीसर-बुथेल मार्ग पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। भगवतीलाल के पैर पर तेंदुए के नाखून लगने से वह घायल हो गया। उसने शोर मचाया तो तेंदुआ मौके से भाग गया, जिससे उसकी जान बच गई।
राहगीरों ने घायल भगवतीलाल को पहले उथरदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एमबी चिकित्सालय, उदयपुर रेफर किया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर वन अधिकारी रामनारायण डांगी टीम सहित मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने क्षेत्र में पगमार्क और अन्य संकेतों से तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की। डांगी ने ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने, अकेले बाहर न निकलने और बच्चों को घरों के आसपास ही खेलने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इलाके में निगरानी बढ़ाई जा रही है और पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।
पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं
इसी क्षेत्र में बीते दिनों बेमला गांव में तेंदुए ने घर में घुसकर मां-बेटे पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। वहीं वसु गांव में रविवार को तेंदुआ एक कच्चे मकान में जा घुसा था, जिसे वन विभाग की टीम ने ट्रेंक्युलाइज कर पकड़ लिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है और वन विभाग अलर्ट मोड पर है।