स्कॉर्पियो में आए 6 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, दोस्त और उसके पिता पर भी हमला
उदयपुर, 6 जनवरी: राजसमंद जिले में मंगलवार सुबह दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खमनोर थाना क्षेत्र के गांवगुड़ा स्थित चमत्कार चौराहे पर करीब सुबह 9:30 बजे एक युवक की तलवार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर स्कॉर्पियो में सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
बोलेरो से उतरा युवक, पीछा करते पहुंचे हमलावर
पुलिस के अनुसार मृतक हिम्मत सिंह दसाणा, निवासी पासून (केलवाड़ा थाना क्षेत्र), हाल ही में मुंबई से गांव आया था, जहां वह मजदूरी करता था। मंगलवार को वह अपने दोस्त लक्ष्मण सिंह के साथ बोलेरो से चमत्कार चौराहे पर रुका था। इसी दौरान पीछे से आई एक स्कॉर्पियो में सवार छह बदमाश वहां पहुंचे और गाड़ी से उतरते ही हिम्मत सिंह पर तलवारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सिर और पैरों पर किए ताबड़तोड़ वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने हिम्मत सिंह के सिर पर दो-तीन घातक वार किए, वहीं पैरों पर भी तलवार से हमला किया गया। बीच-बचाव करने आए दोस्त लक्ष्मण सिंह पर भी बदमाशों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद लहूलुहान हालत में हिम्मत सिंह को नाथद्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं लक्ष्मण सिंह को चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है।
दोस्त के पिता से मारपीट, दी धमकी
घटना यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने बाद में लक्ष्मण सिंह के पिता मोहन सिंह पर भी हमला किया। मोहन सिंह ने बताया कि बस स्टैंड पर बैठने के दौरान बदमाशों ने उसे धमकाया और कहा— “एक को निपटा कर आए हैं, तेरे बेटे को भी निपटा देंगे।” इसके बाद उसके साथ लाठियों और मुक्कों से मारपीट की गई।
पुरानी रंजिश की आशंका
खमनोर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि हमलावर पासून गांव के निवासी हैं और घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर नाथू सिंह, हमेर सिंह, कालू सिंह, किशन सिंह, हिम्मत सिंह और प्रकाश सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश
घटना की सूचना मिलते ही खमनोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। राजसमंद एएसपी महेंद्र पारीक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।