एक साल से फरार आरोपी झाड़ोल पुलिस के हत्थे चढ़ा

Share

रात में घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में लंबे समय से था वांछित
उदयपुर, 11 जून:
झाड़ोल थाना पुलिस ने एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी रात के समय घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में वांछित था और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेड़वाड़ा अंजना सुखवाल तथा झाड़ोल वृत्ताधिकारी विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी फैलीराम मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने वर्ष 2025 में दर्ज एक प्रकरण में फरार चल रहे चतरपुरा निवासी 28 वर्षीय किशनलाल पुत्र लालूराम को डिटेन कर पूछताछ की। आरोपों की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामला रात के समय घर में घुसकर मारपीट करने से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में इससे पहले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मुख्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्रवाई में थानाधिकारी फैलीराम मीणा, उपनिरीक्षक सतीश चंद्र तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी रहेगा।