“लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण करें”: आबकारी आयुक्त नमित मेहता का निर्देश

Share


उदयपुर, 15 अप्रैल:
नमित मेहता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए मदिरा दुकानों का शत-प्रतिशत बंदोबस्त, राजस्व लक्ष्य की पूर्ति और अवैध मदिरा तस्करी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वे जोधपुर स्थित मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित जोधपुर जोन की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे, जिसमें जिलेवार प्रगति का गहन विश्लेषण किया गया।
कमजोर प्रदर्शन पर कार्रवाई के संकेत
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी जिलों की नियमित समीक्षा होगी। जिन अधिकारियों का प्रदर्शन अपेक्षित नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व बढ़ाने पर विशेष जोर
उन्होंने निर्देश दिए कि आबकारी निरीक्षक नियमित रूप से मदिरा दुकानों का निरीक्षण करें, जिससे उठाव और राजस्व में वृद्धि हो सके। होटल, रिसोर्ट और रेस्टोरेंट में बिना लाइसेंस शराब बिक्री पर रोक लगाने के साथ लाइसेंस संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
2174 करोड़ बकाया वसूली पर फोकस
प्रदेश में करीब 2174 करोड़ रुपये के बकाया राजस्व की वसूली को प्राथमिकता देते हुए एमनेस्टी योजना के तहत राहत देकर वसूली तेज करने को कहा गया।
अवैध तस्करी पर सख्ती
मुखबिर तंत्र मजबूत कर गश्त और दबिश बढ़ाने तथा अवैध मदिरा व हथकड़ शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
नियमों की सख्त पालना
बैठक में रात 8 बजे दुकानों का बंद होना, ऑकेशनल लाइसेंस, रेस्टोरेंट में हार्ड लिकर पर रोक और लंबित प्रकरणों की समीक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान अतिरिक्त आबकारी आयुक्त सीमा कविया ने पीपीटी के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में जोधपुर जोन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।