एडीजे ने उप कारागृह व बालक-बालिका गृह का किया औचक निरीक्षण

Share

बंदियों और बच्चों को मिल रही सुविधाओं का लिया जायजा, व्यवस्थाओं को परखा
उदयपुर, 24 जुलाई:
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के सचिव एवं एडीजे राहुल चौधरी ने शुक्रवार को झाड़ोल स्थित उप कारागृह एवं निराश्रित बालक-बालिका गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उप कारागृह निरीक्षण के दौरान एडीजे राहुल चौधरी ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता, चिकित्सा सुविधा, भोजन, नाश्ता, मुलाकात, एसटीडी और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी सुनीं तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसके बाद उन्होंने राजस्थान बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित अनुदानित निराश्रित बालक-बालिका गृह का निरीक्षण कर वहां रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, आवास, भोजन एवं देखभाल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।