निकाय के बाद अब पंचायतीराज पर भाजपा का फोकस, सीएम भजनलाल ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

Share

दो विधायकों के रवैये पर नाराजगी, कहा- व्यक्ति नहीं संगठन के प्रति हो निष्ठा; निकाय चुनाव के अनुभव का पंचायत चुनाव में होगा इस्तेमाल
उदयपुर, 26 सितम्बर:
नगरीय निकाय चुनाव के बाद भाजपा ने अब पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों पर फोकस कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर के डबोक स्थित रूपीस रिजॉर्ट में संभाग के भाजपा सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इससे पहले भी निकाय चुनाव की तैयारियों के दौरान मुख्यमंत्री ने उदयपुर में पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी। पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा स्तर पर प्रदेशभर में संगठनात्मक तैयारियां तेज की जा रही हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने निकाय चुनाव के दौरान सामने आए अनुभवों का पंचायत चुनाव में इस्तेमाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में सक्रिय रहे पार्षदों और कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में भी जिम्मेदारियां दी जाएंगी। किसी को जिला परिषद चुनाव की जिम्मेदारी दी जाएगी तो किसी को पंचायत समिति क्षेत्र में प्रभारी बनाया जाएगा। उन्होंने महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा। साथ ही चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं के काम की समीक्षा करने की बात कही।
दो विधायकों के रवैये पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सलूंबर विधायक शांता मीणा और वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी के निकाय चुनाव के दौरान रहे रवैये को लेकर नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने संगठन के प्रति निष्ठा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की निष्ठा किसी व्यक्ति विशेष के बजाय संगठन के प्रति होनी चाहिए। बैठक में टिकट वितरण और स्थानीय चुनावी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई।
पार्षदों से वन-टू-वन संवाद
प्रतापगढ़ दौरे के बाद मुख्यमंत्री शाम को रूपीस रिजॉर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने उदयपुर नगर निगम के भाजपा पार्षदों से एक-एक कर बातचीत की और उनके वार्डों से जुड़ी जानकारी ली। इसके बाद संभाग के जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए अपने राजनीतिक सफर का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि वे भी कभी सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन में काम करते थे और लगातार मेहनत से आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के लिए समर्पित होकर काम करने का आह्वान किया।
बैठक में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित संभाग के विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।