आगरा-असारवा स्पेशल ट्रेन आज से शुरू

Share

चंदेरिया सहित कई स्टेशनों को मिलेगा लाभ, 8-8 फेरे लगाएगी ट्रेन
चित्तौड़गढ़, 7 जून :
गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने आगरा कैंट और असारवा (अहमदाबाद) के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन 8 जून से 27 जुलाई तक संचालित होगी और चित्तौड़गढ़ जिले के चंदेरिया स्टेशन पर भी ठहराव करेगी। इससे आगरा, उदयपुर, अहमदाबाद और सवाई माधोपुर की दिशा में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01910 आगरा कैंट-असारवा स्पेशल प्रत्येक सोमवार शाम 6:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:10 बजे असारवा पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 01909 प्रत्येक मंगलवार दोपहर 3 बजे असारवा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:45 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। ट्रेन कुल 8-8 फेरे लगाएगी। मार्ग में फतेहपुर सीकरी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली, उदयपुर सिटी, डूंगरपुर, शामलाजी रोड और हिम्मतनगर सहित कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं।