फाइनल में राजसमंद रॉयल्स को हराया, विजेता टीम को ₹71 हजार की पुरस्कार राशि
उदयपुर, 9 जून: मेवाड़ शासनिक राव समाज खेल संस्थान, उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित एमएसआरएस प्रीमियर लीग सीजन-1 का खिताब अलबेली सरकार टीम ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में अलबेली सरकार ने राजसमंद रॉयल्स को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता और उपविजेता टीमों का सम्मान
मुख्य मीडिया प्रभारी राव गोपाल सिंह आसोलिया ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेता टीम अलबेली सरकार को ₹71,000 नकद पुरस्कार एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता राजसमंद रॉयल्स को ₹31,000 नकद राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
रणजीत सिंह बने मैन ऑफ द सीरीज
टूर्नामेंट के व्यक्तिगत पुरस्कारों में अलबेली सरकार के रणजीत सिंह को पूरे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। वहीं टीम के ही विक्रम सिंह को बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए ‘बेस्ट बैट्समैन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
भामाशाहों और पदाधिकारियों का रहा अहम योगदान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संस्थान के संरक्षक कान सिंह महुड़ा, हिम्मत सिंह आइडाना एवं तख्त सिंह देवाना के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्थान के अध्यक्ष रतन सिंह राव, उपाध्यक्ष लोकेश सिंह राव, सचिव गाहर सिंह राव, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राव सहित समस्त पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। संस्थान की ओर से सभी भामाशाहों, खिलाड़ियों, टीम प्रबंधकों, अतिथियों, खेल प्रेमियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। समाज के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता के समापन समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।