छात्र आंदोलन से जुड़े मामले में भाटी बोले—आवाज दबाने के लिए दर्ज किए गए मुकदमे
उदयपुर, 10 अप्रैल: बाड़मेर के शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी शुक्रवार को उदयपुर कोर्ट में पेश हुए, जहां उन्होंने कोविड काल के दौरान छात्र हितों को लेकर किए गए आंदोलन से जुड़े प्रकरण में अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया। कोर्ट परिसर में समर्थकों की भारी मौजूदगी के बीच भाटी ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के लिए उन पर और अन्य युवाओं पर मुकदमे दर्ज किए गए थे।
विधानसभा घेराव से शुरू हुआ विवाद
मीडिया से बातचीत में भाटी ने बताया कि कोविड-19 के दौरान जब स्कूल-कॉलेज बंद थे, तब ग्रामीण छात्रों के पास ऑनलाइन पढ़ाई के संसाधन नहीं थे, बावजूद इसके उनसे पूरी फीस वसूली जा रही थी। इसी के विरोध में उन्होंने प्रदेशभर में आंदोलन किया और विधानसभा का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपे। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह लोकतांत्रिक आंदोलन था, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया।
धारा-144 उल्लंघन मामला, अगली सुनवाई का इंतजार
भाटी के वकील भूपेन्द्र सिंह चुंडावत के अनुसार, अदालत में दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे हैं। वर्ष 2021 में दर्ज धारा-144 उल्लंघन के इस मामले में अब अगली पेशी पर निर्णय आने की संभावना है। भाटी ने न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास जताते हुए कहा कि उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा।
“राजनीति में मतभेद, समाज में नहीं मनभेद”
सोशल मीडिया पर चल रहे विवादों और पुराने वीडियो वायरल होने के सवाल पर भाटी ने संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन समाज में मनभेद नहीं होने चाहिए। उन्होंने प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए इसे बनाए रखने पर जोर दिया।
रिफाइनरी और विकास पर भी रखा पक्ष
बाड़मेर में प्रस्तावित रिफाइनरी को लेकर भाटी ने कहा कि इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा को अपना परिवार बताते हुए क्षेत्रीय विकास की आवश्यकता पर बल दिया और उम्मीद जताई कि परियोजना जल्द साकार होगी।
हाईकोर्ट बेंच की मांग उठाने का आश्वासन
वकीलों द्वारा हाईकोर्ट बेंच की मांग उठाने के आग्रह पर भाटी ने इसे राज्य और केंद्र स्तर पर मजबूती से उठाने का भरोसा दिया। साथ ही विधानसभा की प्रश्न एवं संदर्भ समिति में अपनी भूमिका को जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम बताया।