उदयपुर, 13 अगस्त: जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ में कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत के इस्तीफे को लेकर चल रहे विवाद के बीच गुरुवार को पूर्व और वर्तमान छात्र उनके समर्थन में सामने आए। विद्यापीठ परिसर में जुटे छात्रों ने कुलपति से इस्तीफे का निर्णय वापस लेने और संस्थान को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। छात्रों ने कहा कि विद्यापीठ की राष्ट्रीय पहचान मजबूत करने में कुलपति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वल्लभनगर विधायक पर लगाया हस्तक्षेप का आरोप
पूर्व छात्रों ने वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी पर विद्यापीठ के आंतरिक मामलों में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप लगाया। छात्रों का कहना था कि विधायक के विधानसभा क्षेत्र में न तो विद्यापीठ का मुख्य परिसर आता है और न डबोक परिसर, इसके बावजूद संस्थान के मामलों में हस्तक्षेप किया जा रहा है।
कुलपति बोले- कर्मचारियों के कंधे पर रखी जा रही बंदूक
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रो. सारंगदेवोत ने कहा कि विद्यापीठ के साथ उनका 34 वर्षों का सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कर्मचारियों को आगे कर संस्थान को बदनाम करने और अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार रोजाना धरने पर बैठने वाले लोगों की संख्या करीब 20 से 35 है।
15 अगस्त को कुलपति ही करेंगे ध्वजारोहण
छात्रों ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि 15 अगस्त को विद्यापीठ में कुलपति प्रो. सारंगदेवोत ही ध्वजारोहण करेंगे। छात्रों ने राजनीतिक हस्तक्षेप के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि संस्थान की गरिमा और शैक्षणिक माहौल खराब करने का कोई प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।