आपसी विवाद में बढ़ी कहासुनी बनी जानलेवा, धार्मिक कार्यक्रम में युवक की हत्या

Share

बस्सी मकवाना में सिरा बावजी के कार्यक्रम के दौरान 6 लोगों ने की मारपीट, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस
बांसवाड़ा, 5 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क)
: बांसवाड़ा जिले के बस्सी मकवाना गांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सिरा बावजी के आयोजन में मंगलवार रात कुछ लोगों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई ने बताया कि मृतक की पहचान बस्सी मकवाना निवासी धुला पुत्र भाणजी (35) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार्यक्रम के दौरान आपसी विवाद के चलते यह मारपीट हुई थी। आरोपियों ने लाठियों और डंडों से हमला किया, जिसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने इस घटना के पीछे बलराम पुत्र रामलाल और उसके छह साथियों पर आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
थानाधिकारी बिश्नोई ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश या पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।