अभिनव नागोरी की 37वीं जयंती पर भावुक हुआ माहौल, बहनों ने जवानों को बांधी राखी; शहीद परिवारों को ‘नभरक्षक-ऑपरेशन सिंदूर’ प्रतीक चिन्ह भेंट
उदयपुर, 30 अगस्त: नसीराबाद स्थित 145 हल्की वायु रक्षा रेजिमेंट (स्वचालित) की 10 सदस्यीय साइकिल अभियान टीम ने उदयपुर पहुंचकर शहीद परिवारों से मुलाकात की। टीम ने शहीदों के परिजनों से आत्मीय संवाद कर उनके बलिदान और देशसेवा को नमन किया। लेफ्टिनेंट गुरुमुख सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने शहीद लेफ्टिनेंट पायलट अभिनव नागोरी के आवास पर उनकी 37वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद के पिता धर्मचंद नागोरी ने जवानों का तिलक लगाकर स्वागत किया। वीर माता सुशीला नागोरी ने जवानों को तिरंगा दुपट्टा पहनाया और ‘अभिनव अभ्यास पुस्तिका’ भेंट की। इस दौरान शहीद की बहनों स्मिता और श्वेता ने जवानों को राखी बांधी। भावुक क्षण में शहीद भाई की स्मृतियां परिवार और जवानों के बीच फिर जीवंत हो उठीं।
अर्चित वर्डिया के परिवार से भी मिले
टीम इसके बाद शहीद लेफ्टिनेंट अर्चित वर्डिया के घर पहुंची। वीर माता बीना और बहन दिव्यानी से मुलाकात कर जवानों ने शहीद की वीरता और देशसेवा को नमन किया। परिवार ने अर्चित से जुड़े संस्मरण साझा किए।
दोनों शहीद परिवारों को सेना की ओर से ‘नभरक्षक-ऑपरेशन सिंदूर’ का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। टीम ने यूनिट की गतिविधियों और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़े पहलुओं पर भी परिवारों से चर्चा की। अभियान ने सेना और शहीद परिवारों के बीच आत्मीय संबंधों को और मजबूत किया।