ACB की दबिश पड़ते ही टॉयलेट में फेंकी रिश्वत की रकम

Share

नामांतरण खोलने के बदले मांगे थे 7 हजार रुपए, 4 हजार लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
उदयपुर, 26 मई:
राजसमंद जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) उदयपुर की टीम ने मंगलवार को एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी ने एसीबी टीम को देखकर रिश्वत की रकम टॉयलेट में फेंक दी, लेकिन टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रकम बरामद कर ली। घटना के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
नामांतरण खोलने के एवज में मांगी थी रिश्वत
एसीबी के अनुसार पटवार मंडल सेमा, तहसील खमनोर एवं अतिरिक्त प्रभार पटवार मंडल बड़ा भानुजा के पटवारी राहुल शर्मा ने परिवादी से नामांतरण खोलने के बदले 7 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। आरोपी पहले ही 1 हजार रुपए ले चुका था, जबकि सौदा 5 हजार रुपए में तय हुआ था। मंगलवार को परिवादी से 4 हजार रुपए लेते समय एसीबी टीम ने उसे ट्रैप कर लिया।
इंस्पेक्टर सोनू शेखावत के नेतृत्व में कार्रवाई
जैसे ही आरोपी को एसीबी टीम के पहुंचने की भनक लगी, उसने रिश्वत की रकम टॉयलेट में फेंक दी। हालांकि टीम ने रकम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट उदयपुर द्वारा इंस्पेक्टर सोनू शेखावत के नेतृत्व में की गई। आरोपी से पूछताछ जारी है।