गुप्त चैम्बर में छिपाकर ले जा रहे थे 50 लाख की शराब, दो तस्कर गिरफ्तार

Share

डूंगरपुर, 5 अप्रैल: जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुप्त चैम्बर में छिपाकर ले जाई जा रही करीब 50 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर रतनपुर चौकी के सामने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में प्लाईवुड की आड़ में तस्करी का खुलासा हुआ। प्लाईवुड और लोहे के एंगल के बीच बनाए गए गुप्त चैम्बर से हरियाणा निर्मित शराब के 520 कार्टन बरामद किए गए।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि कार्रवाई थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी के नेतृत्व में की गई। मौके से ट्रक ड्राइवर जोगासिंह (यमुनानगर) और उसके साथी सतीश कुमार (रोहतक) को गिरफ्तार किया गया।
जब्त शराब की कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस आरोपियों से तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।