सरपंच चुनाव से पहले गांव ने खुद कराया मतदान, चुना प्रत्याशी

Share

प्रतापगढ़ के गंधेर गांव में अनूठी पहल: चार दावेदारों में सहमति नहीं बनी तो ग्रामीणों ने अपनाया अनूठा तरीका, एक घर से एक वोट डालकर तय किया उम्मीदवार; 16 नवम्बर को एकजुट होकर करेंगे मतदान
प्रतापगढ़, 13 नवम्बर:
सरपंच चुनाव में गांव का वोट बंटने से रोकने के लिए प्रतापगढ़ जिले की गंधेर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने अनूठी पहल की। सरपंच पद के लिए गांव से चार दावेदार सामने आए तो आपसी सहमति नहीं बनने पर ग्रामीणों ने खुद मतदान कर अपना प्रत्याशी चुन लिया। इसमें बालूलाल मीणा को सर्वाधिक वोट मिले। अब ग्रामीणों ने 16 नवम्बर को होने वाले पंचायत चुनाव में एकजुट होकर उन्हें समर्थन देने का निर्णय किया है।
बैठक में सहमति नहीं बनी तो मतदान का फैसला
अर्जुन आंजना के अनुसार 11 नवम्बर को ग्रामीणों ने बैठक कर चारों दावेदारों को एक नाम पर सहमति बनाने के लिए समझाया, लेकिन कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने मतदान के जरिए उम्मीदवार चुनने और जीतने वाले के समर्थन में एकजुट रहने का फैसला किया।
ग्रामीणों ने खुद संभाली मतदान की व्यवस्था
12 नवम्बर को सुबह 8 से 11 बजे तक मंदिर के पास मतदान केंद्र बनाया गया। प्रत्येक घर से एक सदस्य को वोट देने का अधिकार दिया गया। पहचान के लिए जन आधार और राशन कार्ड का उपयोग किया गया। ग्रामीणों ने ही मतपत्र तैयार किए और मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्था संभाली। इसमें बालूलाल मीणा को सर्वाधिक वोट मिले। इसके बाद अन्य दावेदारों ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी।
वोट बंटने से रोकने की कोशिश
ग्रामीणों का उद्देश्य गांव का प्रत्याशी चुनकर आपसी प्रतिस्पर्धा से होने वाले विवादों को रोकना और बाहरी प्रत्याशी के पक्ष में वोट बंटने की आशंका दूर करना है। अब 16 नवम्बर के आधिकारिक मतदान में ग्रामीणों की यह एकजुटता कितनी असरदार रहती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।