भारत गौरव शौर्यगाथा – महाराणा प्रताप का भव्य लोकार्पण

Share

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा— नई पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा और इतिहास से जुड़ाव
उदयपुर/जयपुर, 10 अप्रैल:
राजस्थान के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत महाराणा प्रताप पर आधारित देश की पहली स्कूली पाठ्यपुस्तक “भारत गौरव शौर्यगाथा – महाराणा प्रताप” का जयपुर में भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पुस्तक का विमोचन करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
बच्चों में जागेगी राष्ट्रभक्ति और इतिहास के प्रति रुचि
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महाराणा प्रताप जैसे महानायक की जीवनगाथा को सरल भाषा में प्रस्तुत करना सराहनीय प्रयास है। यह पुस्तक बच्चों में इतिहास के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करेगी।
22 पाठों में समाहित है गौरवगाथा
पुस्तक के लेखक डॉ. प्रदीप कुमावत ने बताया कि पुस्तक 22 पाठों में विभाजित है, जिसमें महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और शौर्य को सरल व तथ्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें हल्दीघाटी युद्ध से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए तथ्य आधारित जानकारी दी गई है। प्रत्येक पाठ के अंत में अभ्यास प्रश्न और गतिविधियां भी शामिल हैं।
उदयपुर में भी हुआ विमोचन
उदयपुर के आलोक विद्यालय, पंचवटी में भी विद्यार्थियों के बीच पुस्तक का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में लेखक का सम्मान किया गया। यह पुस्तक भारत गौरव फाउंडेशन के सहयोग से तैयार की गई है, और इसी श्रृंखला में अन्य ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर भी पुस्तकें जल्द प्रकाशित की जाएंगी।