हॉस्पिटल में हंगामे के दौरान पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, एसपी ने की कार्रवाई
उदयपुर, 4 जून: शहर के जेपी ऑर्थोपेडिक हॉस्पिटल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूपालपुरा थानाधिकारी आदर्श कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह सुनील चारण को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कार्रवाई घटना के दौरान पुलिस की भूमिका पर उठे सवालों और डॉक्टरों की शिकायत के बाद की गई।
डॉक्टरों ने पुलिस मौजूदगी में मारपीट का लगाया आरोप
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों डॉक्टरों ने बुधवार को एसपी से मुलाकात कर शिकायत दी थी। डॉक्टरों का आरोप है कि पुलिस बल की मौजूदगी में ऑपरेशन थियेटर तक में घुसकर चिकित्सकों से मारपीट की गई, उन्हें घसीटा गया और कपड़े तक फाड़ दिए गए। घटना के बाद चिकित्सक समुदाय में भारी आक्रोश है।
सीसीटीवी से हो रही आरोपियों की पहचान
एसपी ने मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की है। टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। डॉक्टरों का दावा है कि 30 से 40 लोगों ने अस्पताल में उत्पात मचाया था। आईएमए ने पांच दिन में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।