भोले के जयघोष से शिवमय हुआ भुवाणा, हजारों कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक

Share

रत्नागिरी विकास समिति की चौथी कांवड़ यात्रा संपन्न, अमरखजी महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था
उदयपुर, 3 अगस्त:
सावन के प्रथम सोमवार पर भुवाणा क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। रत्नागिरी विकास समिति एवं भुवाणा ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चौथी भव्य कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा।
समिति के दिलीप प्रजापत ने बताया कि कांवड़ यात्रा का शुभारंभ सुबह 9 बजे भुवाणा स्थित बावड़ी वाले हनुमानजी मंदिर से विधि-विधान के साथ कांवड़ पूजन एवं जल भरने की रस्म से हुआ। इसके बाद पारंपरिक वेशभूषा में सजे कांवड़िए ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच अमरखजी महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए।
यात्रा का समापन अमरखजी महादेव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक, महाआरती और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा और विश्व कल्याण की कामना की।
शशि वैष्णव ने बताया कि यात्रा में भुवाणा, शोभागपुरा, सापेटिया, अंबेरी, प्रतापनगर, बेदला सहित आसपास के कई गांवों और क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने स्वागत द्वार सजाकर कांवड़ियों का अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, अल्पाहार और अन्य सेवा व्यवस्थाएं भी की गईं।
यात्रा में शामिल आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा और शिवभक्ति की गूंज के बीच कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक एवं श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई।