गाय को बचाने के लिए ट्रक ने अचानक लगाए ब्रेक, बाइक सवार तीनों दोस्त टकराए; चालक फरार
चित्तौड़गढ़, 12 सितंबर: चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे तीन दोस्तों की बाइक आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल हो गया। भदेसर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक ने सड़क पर आई गाय को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही बाइक चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह ट्रक से टकरा गई।
इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ा
बानसेन निवासी समीर खान (24) बाइक चला रहा था। उसके साथ आसिफ खान (21) और रवि साहू सवार थे। तीनों नायरा पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर गांव लौट रहे थे। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। ग्रामीणों और हाईवे एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रात करीब 12 बजे इलाज के दौरान समीर और आसिफ की मौत हो गई। रवि को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
परिवारों में छाया मातम
समीर पेंटिंग का काम करता था और एक बच्ची का पिता था। आसिफ उदयपुर की निजी कंपनी में मजदूरी करता था। उसकी पत्नी ने करीब दो माह पहले ही बच्ची को जन्म दिया था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
सड़क हादसे में 21 साल के युवक की मौत
चित्तौड़गढ़: श्री सांवलिया जी दर्शन के लिए दोस्तों के साथ निकले 21 वर्षीय देवकरण उर्फ बिट्टू माली की शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में मौत हो गई। रिठोला-बोजुंदा के बीच अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। देवकरण सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया। पीछे चल रहे दोनों दोस्तों ने उसे लहूलुहान हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले ही मृत घोषित कर दिया। सदर थाने के एएसआई हीरालाल ने बताया कि देवकरण अमावस्या पर दर्शन के लिए निकला था। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।