जनाना अस्पताल के वार्डों तक पहुंचा जहरीले धुएं का खतरा, सोनोग्राफी सेंटर के बाहर खून की थैलियां और नीडल्स पड़ीं; बिना सुरक्षा उपकरणों के कचरा उठा रहे कर्मचारी
प्रतापगढ़, 14 नवम्बर (रियाज मंसूरी): जिला चिकित्सालय में बायो-मेडिकल वेस्ट के अव्यवस्थित पड़े होने की खबर प्रकाशित होने के बाद उसे नियमानुसार निस्तारित करने के बजाय खुले में जला दिया गया। यह कचरा मातृ एवं शिशु इकाई तथा जनाना अस्पताल के ठीक सामने जलाया गया, जहां नवजात और प्रसूताएं भर्ती हैं। इससे उठने वाले धुएं के वार्डों तक पहुंचने का खतरा बना रहा।
गुरुवार को ‘पंजाब केसरी’ में खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को भंडार कक्ष के बाहर पड़े बायो-मेडिकल वेस्ट में आग लगा दी गई। खुले में प्लास्टिकयुक्त चिकित्सकीय कचरा जलाना नियमों के विरुद्ध है। दूसरी ओर, सोनोग्राफी सेंटर के बाहर इस्तेमाल की गई खून की थैलियां, नीडल्स और सिरिंज अब भी पड़ी हैं। मौके पर कचरा उठा रहे दो कर्मचारियों में से एक बिना दस्ताने, मास्क और एप्रन के खुले हाथों से वेस्ट उठाता दिखाई दिया।
नियमों में खुले में जलाने पर रोक
बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 के तहत चिकित्सकीय कचरे का पृथक्करण और अधिकृत केंद्र पर निस्तारण जरूरी है। पीले बैग वाले कचरे को 48 घंटे से अधिक अस्पताल में नहीं रखा जा सकता। खुले में जलाने पर प्रतिबंध है तथा वेस्ट संभालने वाले कर्मचारियों के लिए जरूरी व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
पीएमओ बोले- जानकारी नहीं, नोटिस देंगे
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि कचरा कहां जलाया जा रहा है। यदि खुले में गलत तरीके से जलाया जा रहा है तो यह नियम विरुद्ध है। संबंधित के खिलाफ नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को लेकर पिछले कई दिनों से सवाल उठ रहे हैं।