रोजाना 2 किलोमीटर साइकिल चलाकर जाते हैं नौकरी पर, महापौर पारस सिंघवी ने किया स्वागत
उदयपुर, 16 अक्टूबर: पंचायत चुनाव में नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन और वाहनों के लंबे काफिलों के बीच शुक्रवार को बड़गांव पंचायत समिति सदस्य के लिए नामांकन भरने पहुंचे भाजपा प्रत्याशी खेतराज गमेती का अलग अंदाज देखने को मिला। वे समर्थकों के साथ साइकिल पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे। खेतराज उदयपुर के एक निजी अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं और रोजाना करीब दो किलोमीटर साइकिल चलाकर नौकरी पर जाते हैं।
खेतराज गमेती ने वार्ड संख्या 10 से पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके नामांकन के दौरान महापौर पारस सिंघवी भी स्वागत के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को टिकट देकर आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
खेतराज की उम्मीदवारी बड़गांव क्षेत्र के सबलपुरा, प्रतापपुरा और ऑटो का गुड़ा सहित शहर से सटे आसपास के इलाकों से जुड़ी है। नामांकन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, जिला सहप्रभारी महेश शर्मा, देबारी मंडल अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़गांव पंचायत समिति में कुल 15 सदस्य हैं। नामांकन के अंतिम दिन भाजपा के अधिकांश प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। इससे एक दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन किया था।