संभाग प्रभारी और देहात जिलाध्यक्ष पर भरोसा तोड़ने का आरोप, नामांकन के आखिरी दिन सिंबल जमा नहीं होने की मिली जानकारी
उदयपुर, 14 अक्टूबर: भाजपा देहात के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह आसोलिया ने अपनी पुत्रवधू को पंचायत चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा और देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली पर भरोसा तोड़ने तथा प्रधान और जिला प्रमुख पदों पर अंदरखाने ‘डील’ करने के आरोप लगाए हैं।
आसोलिया के अनुसार मावली प्रधान की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के कारण उन्होंने अपनी पुत्रवधू के लिए पार्टी में आवेदन किया था। उनका दावा है कि वरिष्ठ नेताओं ने टिकट देने का भरोसा दिलाया था। इसी बीच पार्टी ने उन्हें अन्य पंचायतों का प्रभारी बनाकर सिंबल वितरण की जिम्मेदारी भी सौंपी।
आसोलिया ने आरोप लगाया कि संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा ने फोन पर उन्हें बताया था कि जिला प्रमुख पद के लिए हिम्मत सिंह झाला का नाम तय है, जबकि विधायक प्रत्याशी रहे कृष्णगोपाल पालीवाल के परिवार की किसी महिला को चुनाव लड़ाकर मावली प्रधान बनाया जाएगा। इसके करीब 10 मिनट बाद जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने फोन कर बातचीत पर उनकी सहमति पूछी। आसोलिया का कहना है कि उन्हें दोनों पदों के नाम पहले से तय होने की जानकारी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद भी उन्होंने पार्टी की जिम्मेदारी निभाते हुए भिंडर के सिंबल एडवोकेट मुकेश नागदा के माध्यम से भिजवाए और वल्लभनगर के सिंबल स्वयं पार्टी कार्यालय में जमा करवाए। नामांकन के अंतिम दिन दोपहर करीब 3 बजे एक कार्यकर्ता ने उन्हें बताया कि उनकी पुत्रवधू का सिंबल जमा नहीं हुआ है। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। आसोलिया ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने पदों के बंटवारे में अपने पद का दुरुपयोग किया। आरोपों पर पक्ष जानने के लिए संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा और जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली से संपर्क किया गया, लेकिन दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया।