उदयपुर में निकाली आक्रोश रैली, विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने का आरोप
उदयपुर, 25 अप्रैल: संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को लेकर उदयपुर में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा के नेतृत्व में शनिवार को टाउन हॉल से सूरजपोल तक ‘नारी शक्ति आक्रोश रैली’ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। हाथों में तख्तियां लेकर महिलाओं ने पैदल मार्च किया और विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिल के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
रैली टाउन हॉल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सूरजपोल चौराहे पहुंची, जहां महिला कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसका विरोध महिलाओं के अधिकारों पर सीधा प्रहार है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और विशेष रूप से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं को सशक्त होते नहीं देखना चाहता और इसी कारण इस विधेयक के रास्ते में अड़चनें पैदा की जा रही हैं।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अलका मुंदड़ा ने कहा कि जो दल महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, उन्होंने ही संसद में इस बिल का विरोध कर अपना दोहरा रवैया उजागर किया है। वहीं महिला मोर्चा की निवर्तमान शहर जिलाध्यक्ष कविता जोशी ने कहा कि महिलाएं अब अपने अधिकारों के लिए चुप नहीं बैठेंगी। यदि महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ हुआ तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। भाजपा महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि नारी सम्मान और अधिकारों के मुद्दे पर वह लगातार संघर्ष करती रहेगी।