बेनीवाल के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के बाहर फूंका पुतला

Share


उदयपुर, 29 मई :
आरएलपी सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार के मंत्रियों पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में उदयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार शाम मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए बेनीवाल का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने किया।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बेनीवाल लगातार असंसदीय और ओछी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो एक सांसद जैसे जिम्मेदार पद की गरिमा के विपरीत है। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें ‘विकृत मानसिकता से ग्रसित’ बताते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो उदयपुर में उनके आगमन पर विरोध और तेज किया जाएगा।
भाजपा जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बेनीवाल राजनीतिक हताशा में इस तरह के बयान दे रहे हैं और उनका जनाधार लगातार गिर रहा है। प्रदर्शन के दौरान ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रेमचंद लोहार, भाजयुमो पदाधिकारी सहित कई नेता मौजूद रहे।