भाजपा ने जिला परिषद प्रत्याशियों की सूची जारी की, पूर्व विधायक भी मैदान में

Share

विधायक फूलसिंह मीणा की बेटी को टिकट, पूर्व जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार का नाम कटा
उदयपुर, 13 अक्टूबर:
उदयपुर में जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए भाजपा ने मंगलवार को प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। पार्टी ने पूर्व विधायक दलीचंद डांगी, नानालाल अहारी और वल्लभनगर से पूर्व विधायक प्रत्याशी रहे हिम्मतसिंह झाला को मैदान में उतारा है। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा की बेटी संजना मीणा को भी टिकट दिया गया है।
सूची में पूर्व प्रधान प्रतिभा नागदा, जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, घनश्याम मेनारिया और श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह चुंडावत को भी जगह मिली है। चुंडावत का मुकाबला कांग्रेस के राजसिंह झाला से होगा।
भाजपा ने पूर्व देहात जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार का टिकट काटकर अनिल जारोली को प्रत्याशी बनाया है। पंवार ने पहले नामांकन पत्र जमा कराया था। पार्टी से चुनाव चिह्न नहीं मिलने की स्थिति में उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने या नामांकन वापस लेने का विकल्प रहेगा।
इस चुनाव में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत की पत्नी रजनी रावत के उतरने की भी चर्चा थी। उन्होंने सोमवार को कलेक्ट्रेट से नामांकन पत्र लिया था, लेकिन मंगलवार को नामांकन दाखिल नहीं किया। उनके चुनाव नहीं लड़ने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।