मुआवजे की मांग को लेकर एमबी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर हंगामा
उदयपुर, 28 मई: उदयपुर के रीको इंडस्ट्रीज एरिया स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और विभिन्न समाजों के लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर एमबी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर प्रदर्शन किया और शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
हादसे में गोगुंदा क्षेत्र के बडूंदिया गांव निवासी भंवर सिंह झाला और माधुलाल गमेती की मौत हुई। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक बॉयलर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। माधुलाल गमेती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल भंवर सिंह ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद राजपूत समाज, भील समाज और करणी सेना के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। करणी सेना के अर्जुन सिंह चुंडावत ने कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा मिलने तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा।
मौके पर डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ और प्रतापनगर थाना पुलिस ने समझाइश की। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।